फ्रांस ने जताई हरियाणा में निवेश की इच्छा (Watch Pics)

7/12/2016 5:23:52 PM

चंडीगढ़: फ्रांस के राजदूत एलेक्जेंडर जेग्लर नेतृत्व में एक 4 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने आज चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की और हरियाणा में निवेश के सम्भावित क्षेत्रों पर चर्चा की।

 

नव एवं नवीकरणीय ऊर्जा, सेमी हाई स्पीड ट्रेन, रेलवे स्टेशन प्रबंधन इत्यादि के क्षेत्र में निवेश की उत्सुकता जताई। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि चण्डीगढ़ शहर बसाने की योजना का नक्शा फ्रांस के वास्तुकार ली कार्बूजियर ने तैयार किया था। 

 

एलेक्जेंडर जेग्लर ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि सितम्बर माह में फ्रांस की कम्पनियों का एक विशेष सैमिनार हो रहा है और हरियाणा भी इसमें अपना प्रस्तुतिकरण दे सकता है ताकि फ्रांस की कम्पनियां हरियाणा में भी निवेश की संभावनाएं तलाश सकें। 

 

मुख्यमंत्री ने एलेक्जेंडर जेग्लर को स्वर्ण जयंती वर्ष का निमंत्रण भी दिया। इसके अलावा, उन्होंने पवित्र गीता व महाभारत में कृष्ण के रथ का चित्र भी उपहार स्वरूप दिया। मुख्यमंत्री ने एलेक्जेंडर जेग्लर को आश्वासन दिया कि हरियाणा सरकार की ओर से एक विशेष अधिकारी पदनामित किया जाएगा जो फ्रांस के राजदूत कार्यालय के साथ निरंतर सम्पर्क में रहेगा।