हरियाणा की प्रगति में योगदान दे उद्यमी: खट्टर

4/18/2016 9:38:49 AM

नई दिल्ली: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उद्यमियों को प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार देकर राज्य की प्रगति में योगदान देने की जरूरत पर बल दिया है। मनोहर लाल ने यहां एक समाचार पत्र समूह के कार्यक्रम में उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में राज्य को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देकर हरियाणा ही नहीं बल्कि भारत का नाम दुनिया में ऊंचा किया जा सकता है।   
 
उन्होंने कहा कि राज्य के कुछ हिस्से तरक्की कर रहें है लेकिन कई हिस्से आज भी पिछड़ेपन के शिकार हैं। गुड़गांव और नूूंह का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों जिलों की सीमाएं आपस में सटी है, लेकिन गुड़गांव में प्रति व्यक्ति आय 4 लाख 41 हजार रुपए है, जबकि नूंह में यह महज 41 हजार रुपए है। ऐसे में विकास का प्रवाह बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गुड़गांव के साथ-साथ पंचकूला, कैथल, करनाल, रोहतक और भिवानी आदि जिलों को भी विकास की मुख्य धारा से जोड़ने से राज्य की तरक्की तेजी से होगी। 
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 18 महीनों में सरकार ने अंत्योदय दर्शन पर चलते हुए विकास और जन कल्याण की कई योजना शुरू की हैं। हर क्षेत्र में बुनियादी ढांचा मजबूत बनाया जा रहा है। राज्य का संतुलित औद्योगिक विकास सुनिश्चित करने के लिए नई उद्यम प्रोत्साहन नीति, 2015 लागू की गई है।
 
उन्होंने कहा कि पिछले महीने गुड़गांव में आयोजित हैपनिंग हरियाणा-ग्लोबल इंवेस्टर सम्मिट में 5.84 लाख करोड़ रुपए के 359 समझौते हुए। इनसे 5 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। कई दशकों की उपेक्षा के बाद फरीदाबाद शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के निर्णय लिया गया है, जिससे यहां के लोगों में एक नए उत्साह का संचार हुआ है।
 
मनोहर लाल ने समाचार पत्र समूह द्वारा संकलित टाइकूंस ऑफ फरीदाबाद पुस्तक की प्रशंसा करते हुए बताया कि इसमें फरीदाबाद तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के दूसरी पीढ़ी के उभरते उद्यमियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है।