सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सीएम ने बताया हरियाणा के लिए ऐतिहासिक दिन

12/10/2015 8:16:42 PM

चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पंचायती राज एक्ट में संशोधन पर  आये सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों में एक आदर्श लीडरशिप उभर कर आएगी। इस संशोधन को आने वाले स्थानीय निकाय चुनाव में भी लागू किया जायेगा। उन्होंने आने वाले समय में पंच-सरपंचोंं का मानदेय भी बढ़ाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पंचायती राज एक्ट में संशोधन पर आये सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। गुरुवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज का दिन हरियाणा के लिए ऐतिहासिक है और यह सुशासन की ओर कदम है। आज हरियाणा एक ऐसा अग्रणी प्रदेश बन गया है जिसके फैसले का पूरे देश पर असर होगा। 

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पंच-सरपंचों की शैक्षणिक योग्यता ही नहीं बल्कि अब उनका मानदेय भी बढ़ाया जायेगा। इसकी राशि आने वाले समय में तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायती राज जैसा संशोधन अब स्थानीय निकाय के चुनाव में भी लागू किया जायेगा। 

सीएम ने कहा कि पिछले साल की तरह इस साल भी 25 दिसंबर को  सुशासन दिवस मनाया जायेगा। जिसमें 200 ग्रामीण सचिवालयों की शुरुआत की जाएगी और 60 नागरिक सेवाओं का भी शुभारम्भ होगा।