ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर 1 लाख का इनामी बदमाश छुड़वाया

5/9/2018 8:23:32 AM

नूंह(ब्यूरो): एक ईनामी बदमाश को पकडऩे नूहं जिले के एक गांव पहुंची गुरुग्राम पुलिस पर न केवल ग्रामीणों ने हमला बोल दिया, बल्कि बदमाश को भी पुलिस की गिरफ्त से छुड़वा लिया। वहीं, ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। फिरोजपुर झिरका पुलिस ने इस मामले में करीब 4 दर्जन लोगों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज किया है। 

जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम फिरोजपुर झिरका खंड के गांव घाटा शमशाबाद में एक लाख रुपए के ईनामी बदमाश शाहिद को गुरुग्राम से पुलिस पकडऩे आई थी। शाहिद 2 माह पहले भी पुलिस हिरासत से फरार हो चुका है। इस पर गुरुग्राम सी.आई.ए. पुलिस के साथ बिलासपुर सी.आई.ए., सुशांतलोक सी.आई.ए., सैक्टर 9, 10, 17 और 40 तथा पटौदी व तावडू की 10-12 टीमों के करीब 60 जवानों ने आरोपी बदमाश को गांव के एक मकान से गिरफ्तार कर लिया लेकिन जैसे ही बदमाश को पुलिस अपने साथ लेकर जाने लगी तो ग्रामीणों ने पुलिस के ऊपर पथराव कर धावा बोल दिया और बदमाश को पुलिस हिरासत से छुड़वा लिया और उसे भगा दिया।

 इंस्पैक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पथराव में इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार, एच.सी. राजेश कुमार, दीपक कुमार को गम्भीर चोटें आई हैं। फिरोजपुर झिरका पुलिस ने बिलासपुर सी.आई.ए. प्रभारी की शिकायत पर गांव घाटा शमशाबाद के करीब 4 दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। तावडू के गांव खरखड़ी निवासी शाहिद के खिलाफ लूटपाट, डकैती सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उपरोक्त आरोपी पर एक लाख रुपए का ईनाम भी घोषित कर रखा था।

Rakhi Yadav