ऑनलाइन शॉपिंग कर खाते से उड़ाए 1.93 लाख

4/18/2017 5:00:37 PM

रेवाड़ी (वधवा):शातिर ठगों ने एक महिला के खाते से 1.93 लाख की ऑनलाइन शॉपिंग कर डाली। ठगों ने महिला के खाते से एक महीने तक शापिंग की लेकिन महिला को इसका आभास तक नहीं हुआ। महिला जब बैंक में किसी कार्य से गई तो उसे इसका पता चला। महिला ने बैंक अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है फिलहाल पुलिस ने ठगों सहित बैंक अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार नगर के सैक्टर-4 स्थित सुषमा ने आई.सी.आई.सी. बैंक में खाता खोल रखा है। जब वह बैंक में किसी कार्य से गई तो पता चला की उसके खाते से 1,93,610 रुपए कट गए हैं। उसने आनन-फानन में बैंक अधिकारियों से बात कर खाते की स्टेटमैंट ली तो उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। उसके खाते से 13 मार्च से 12 अपै्रल के बीच अलग-अलग जगहों पर कई बार ऑनलाइन शापिंग की गई थी। उसने अधिकारियों से कहा कि उसके पास न तो कोई फोन आया और न ही उसने अपना ए.टी.एम. पिन किसी को बताया तो उसके खाते से कैसे शापिंग की गई। बैंक अधिकारियों ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।

उनका कहना था कि शॉपिंग आपके कार्ड से ही की गई है। अब ये डाटा कैसे शातिरों के पास पहुंचा है। उसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। हिला सुषमा का आरोप है कि शातिरों ने बैंक अधिकारियों से मिलीभगत कर ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है। बिना डाटा लीक हुए ऐसा हो ही नहीं सकता। महिला ने तुरंत इसकी सूचना सैक्टर-3 पुलिस चौकी को दी। महिला ने शातिर ठगों के साथ-साथ बैंक अधिकारियों के खिलाफ भी मामला दर्ज करवाया है।