खेत में रेंगती दिखी मौत, 10 फीट लंबे अजगर ने निगला 20 किलो का कुत्ता...मुंह से शिकार उगलने का वीडियो आया सामने
punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 01:27 PM (IST)
यमुनानगर (परवेज): यमुनानगर के हैदरपुर गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खेतों में मजदूरी कर रहे लोगों की नजर एक दैत्यरूपी अजगर पर पड़ी। करीब 10 फीट लंबे इस खूंखार अजगर को देखते ही मजदूरों के पसीने छूट गए और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
अजगर की भयानक भूख का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने गांव के एक करीब 20 किलोग्राम वजनी कुत्ते को दबोचकर जिंदा ही निगल लिया। फूले हुए पेट के साथ खेत में पड़े इस भारी-भरकम अजगर को देखने के लिए देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया।
रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो आया सामने
घटना की सूचना तुरंत वाइल्डलाइफ विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने सूझबूझ से अजगर को काबू में किया। रेस्क्यू के दौरान अजगर ने निगले हुए कुत्ते को अपने मुंह से बाहर उगलना शुरू कर दिया, जिसका लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही सनसनी फैल गई है।
घने जंगलों में छोड़ा गया अजगर
वाइल्डलाइफ विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। ग्रामीणों को राहत की सांस दिलाते हुए टीम ने इस विशालकाय अजगर को पास के सुरक्षित और घने जंगलों में छोड़ दिया है।