करनाल बिजली निगम में 10 लाख का गबन, 3 कर्मचारियों ने फर्जी साइन करके निकाले पैसे

9/23/2022 11:05:30 AM

करनाल : सैक्टर-12 स्थित बिजली निगम में 10 लाख रुपए के गबन का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने 3 कॉन्ट्रैक्ट पर लगे कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दिनेश, विनोद व सुनील बिजली निगम में कॉन्ट्रैक्ट पर लगे हुए हैं। ये सीनियर अकाऊंटैंट के पद पर कार्यरत हैं। तीनों ने मिलीभगत कर एक्सियन के नाम फर्जी बिल, लैटर व चैक पर फर्जी साइन कर निगम के अकाऊंट से 10 लाख रुपए अपने-अपने अकाऊंट में ट्रांसफर कर लिए।

कलैक्शन दौरान जब निगम खाते में 10 लाख रुपए कम हुए तो एक्सियन रणदीप सिंह को शक हुआ और उसने पहले अपने लैवल पर जांच की। जांच में पता चला कि तीनों ने खाते से पैसे उड़ाए हैं जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सैक्टर-32 थाना प्रभारी रामफल ने बताया कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Content Writer

Isha