हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज से, जींद में 37500 विद्यार्थी देंगे परीक्षा

2/27/2024 9:28:08 AM

जींद:  हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू होंगी। इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के बाहर धारा 144 लगा दी गई है। इसके अलावा शिक्षा विभाग ने इस बार परीक्षा केंद्रों पर दो-दो ऑब्जर्वर लगाए हैं। इसमें एक ऑब्जर्वर प्राइवेट स्कूल और दूसरा ऑब्जर्वर सरकारी स्कूल से होगा। इसके अलावा प्रश्नपत्र उड़नदस्ता केंद्रों पर मुहैया कराने के साथ केंद्रों का निरीक्षण कर नकल रोकने का काम करेगा। परीक्षा का ऑब्जर्वर ही बोर्ड मुख्यालय को अपडेट देगा। किसी भी तरह की गड़बड़ी पर कंट्रोल रूम में सूचना देगा।

प्राइवेट स्कूल का ऑब्जर्वर प्राचार्य स्तर का होगा। सरकारी स्कूल का ऑब्जर्वर प्राचार्य या फिर लेक्चरर होगा। दोनों कक्षाओं में 37500 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए जिला में 91 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र में नकल रोकने के लिए दो आब्जर्वर निगरानी करेंगे। 10वीं कक्षा के 20800 और 12वीं कक्षा के 16700 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केंद्र खंड अनुसार बनाए गए हैं। इसमें उचाना में 15, सफीदों में 17, नरवाना में 16 तो जींद में 43 केंद्र बने हैं।


 

Content Writer

Isha