इस शहर की 11 काॅलोनियों जल्द हो सकती हैं वैध..नगर परिषद ने दस्तावेज किए तैयार, स्थानीय स्तर पर मिली मंजूरी
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 12:17 PM (IST)
बहादुरगढ़(प्रवीन कुमार धनखड़): बहादुरगढ़ शहर की अवैध काॅलोनियों में रहने वाले हजारों लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। नगर परिषद ने ऐसी 11 काॅलोनियों की सूची और ड्राफ्ट प्लान तैयार किया है जो वैध होने के पैमाने पर खरा उतर रही है। नगर परिषद, जिला नगर योजनाकार और डीएमसी की मंजूरी के बाद अब उनकी फाईल शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय के महानिदेशक को भेजी जा रही है। 11 काॅलोनियों के करीबन 78 एकड़ क्षेत्रफल को वैध किया जाएगा।
नगर परिषद की तरफ से जो प्रस्ताव तैयार किया गया है उनमें मामन विहार, छिकारा काॅलोनी, बीएसएम स्कूल के पीछे और ओमेक्स के पास वाली काॅलोनी, जी डी एंड डिफेंस काॅलोनी नियर कसार रोड, बीएसएम स्कूल काॅलोनी पार्ट टू, बहादुरगढ़ के रकबे में नियर बादली रोड काॅलोनी के साथ लाईनपार क्षेत्र की शीतला माता काॅलोनी एंड न्यू सुभाष नगर काॅलोनी, सुभाष नगर एक्सटेंशन, सुभाष नगर पार्ट टू, विकास नगर एक्सटेंशन और छोटूराम नगर एक्सटेंशन पार्ट 3 काॅलोनी शामिल है।
सभी काॅलोनियों को सरकार की पाॅलिसी के तहत नियमों पर खरा उतरने के चलते प्रस्ताव में शामिल किया गया है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अरूण नांदल ने बताया वैध काॅलोनियों में छूटे हुए पैच और उन अवैध काॅलोनियों को प्रस्ताव में शामिल किया गया है जो वैध होने के नियमों पर खरा उतर रही है। निदेशालय के दिशानिर्देश पर प्रस्ताव तैयार किया गया है जिसे जिला स्तर पर मंजूरी मिल गई है और अब निदेशालय को भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अप्रूवल मिलते ही अवैध से वैध होने वाली काॅलोनियो में विकास कार्य शुरू करवा दिए जाएंगे। इससे पहले हुई वैध काॅलोनियों में भी विकास कार्य शुरू हो चुके हैं।