यमुनानगर में दुराचार पीड़ित 11 साल की बच्ची हुई गर्भवती, मासूम ने दिया बच्चे को जन्म
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 06:19 PM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर से एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। 11 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता छात्रा ने यमुनानगर के सिविल अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सामान्य प्रसव हुआ है और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। CMO ने बताया कि दोनों को दो से तीन दिनों के भीतर अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
पीड़िता के परिजनों ने मई महीने में छछरौली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस का कहना है कि उस समय छात्रा लगभग सात महीने की गर्भवती थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी छछरौली क्षेत्र की एक फार्मेसी कंपनी के मालिक का ड्राइवर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान छछरौली थाने की महिला पुलिसकर्मी मंजीत कौर ने पीड़िता की देखभाल की और उसकी डिलीवरी कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी छोटी बच्ची के साथ हुए इस जघन्य अपराध की पीड़ा की भरपाई आखिर कैसे होगी? अब सभी की नजर अदालत की कार्रवाई पर है कि पीड़िता को जल्द न्याय मिले और आरोपी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिले।