देश के प्रदूषित 20 शहरों में 12 हरियाणा के शामिल, सरकार नहीं उठा रही ठोस कदम : कैप्टन अजय यादव

11/21/2022 7:33:20 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि हरियाणा के ज्यादातर जिलों में हवा की गुणवता लगातार खराब होती जा रही है। देश के सबसे ज्यादा प्रदूषित 20 शहरों में हरियाणा  प्रदेश के 12 शहर शामिल हैं। फिर भी हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कर्मचारियों की भारी कमी का सामना कर रहा है। एचसीपीसीबी राज्य के 22 जिलों में स्वीकृत शक्ति के केवल 38 प्रतिशत के साथ काम कर रहा है। आरटीआई में मिली उपलब्ध जानकारी के अनुसार 481 की स्वीकृत शक्ति के विरुद्ध वर्तमान में केवल 178 कर्मचारी काम कर रहे हैं। इस बात से पता चल सकता है कि हरियाणा सरकार हवा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए कितनी सक्रिय है। हर वर्ष प्रदेश की हवा दूषित होती है, फिर भी हरियाणा सरकार द्वारा किसी प्रकार के कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते और जनता की जिंदगी से खिलवाड़ हो रहा है। 

 

कैप्टन अजय सिंह ने कहा एचसीपीसीबी ने कहा कि बोर्ड में 481 स्वीकृत पद हैं। जिनमें 448 नियमित, 33 आउटसोर्स और तीन घटते पद शामिल हैं। लेकिन इन स्वीकृत पदों में से 303 पद रिक्त हैं। इसके अलावा आठ अधिकारियों का एक ही स्टेशन पर लंबे समय तक रहना है, पांच प्रतिनियुक्ति पर हैं जबकि नौ के पास बोर्ड में अतिरिक्त प्रभार है। उपलब्ध विवरण के अनुसार मुख्य पर्यावरण अभियंता के दो स्वीकृत पद हैं और दोनों रिक्त हैं। इसी प्रकार मुख्य वैज्ञानिक अधिकारी के दो पद, वरिष्ठ वैज्ञानिक के नौ, पर्यावरण अभियंता के 15, सहायक पर्यावरण अभियंता के 58, कनिष्ठ पर्यावरण अभियंता के 24, सहायक के 36, सहायक के 35 पद हैं। एचसीपीसीबी में क्लर्क और कुछ अन्य पद भी खाली पड़े हैं।

 

यादव ने कहा पर्यावरण दूषित होने की वजह से लोगों को आंख, फेफडे, नर्वस सिस्टम, सिर दर्द और त्वचा प्रभावित हो रही है। वातावरण में मौजूद हानिकारक तत्व सांस के जरिये शरीर में पहुंच जाते हैं। इस प्रकार लोगों को अनेक बीमारियों का सामना करना पड रहा है। लेकिन सरकार की तरफ से किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही जिससे पर्यावरण को दूषित होने से बचाया जा सके। मेरी सरकार से मांग है एचसीपीसीबी में खाली पडे पदों को जल्द से जल्द भरा जाए और पर्यावरण को दूषित होने से बचाने के लिए सभी प्रयास करने चाहिए।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  

Content Writer

Gourav Chouhan