अमेरिका भेजने के नाम पर 12 लाख रुपए ठगे,  2 देशों में जेल में रहा पीड़ित

5/23/2023 9:46:36 AM

कैथल: रामगढ़ गांव पांडवा निवासी एक व्यक्ति को अमेरिका भेजने के नाम पर 12 लाख रुपये लेकर पहले इंडोनेशिया फिर जॉर्डन भेज दिया। दोनों ही देशों में पीड़ित जेलों में रहकर भारत लौटा। इसके बाद एजेंट से पैसे मांगे तो उसने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस संबंध में एजेंट पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है
 

रामगढ़ पांडवा निवासी रमेश ने बताया कि भगत सिंह कालोनी कैथल निवासी रमेश व साहिल पिता-पुत्र हैं। दोनों ने उसे 28 लाख रुपये में अमेरिका भेजने की बात कही थी। आरोपियों ने 22 अक्तूबर 2022 को 12 लाख रुपये लेकर उसे इंडोनेशिया भेज दिया। वहां उसे पकड़ लिया गया। वह वहां 15 दिन जेल में रहा। इसके बाद वह किसी तरह वहां से छूटकर वापस आया। इसके बाद आरोपियों ने उसे जॉर्डन भेज दिया। वहां भी उसे जेल में डाल दिया। किसी तरह वह एक जनवरी 2023 को लौटा। उसने बताया कि जेलों में रहने के चलते उसके पासपोर्ट पर भी जेल की मोहर लगी, जिससे उसका पासपोर्ट भी खराब हो गया।  अब आरोपी साहिल विदेश जाने वाला है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।

Content Writer

Isha