संदिग्ध हालात में यमुना नदी में डूबा 14 साल का छात्र, पिता बोले- मेरे बेटे को डुबोया गया है
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 09:22 AM (IST)
करनाल- करनाल के डबकोली गांव से एक रूह कंपा देने वाली और संदिग्ध घटना सामने आई है, जहां 14 साल का एक छात्र रहस्यमयी परिस्थितियों में यमुना के तेज बहाव में लापता हो गया। कहने को तो यह हादसा है, लेकिन परिजनों के आरोपों ने इस मामले को सनसनीखेज बना दिया है। जिस युवक के साथ छात्र घर से निकला था, उसकी चुप्पी और उसके बयानों ने पुलिस के साथ-साथ गांव वालों को भी सोच में डाल दिया है।

सरपंच ने CCTV कैमरों की जांच की
पुलिस जांच अधिकारी रोहित के मुताबिक, छात्र के लापता होने की खबर मिलते ही जब गांव के सरपंच ने CCTV कैमरों की जांच की, तो छात्र गांव के ही एक युवक रोहित के साथ बुग्गी पर बैठकर यमुना की तरफ जाता दिखाई दिया। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो युवक ने बताया कि छात्र उसके साथ रेत लेने गया था और नहाते समय पैर फिसलने से डूब गया। लेकिन कहानी में मोड़ तब आया जब युवक की संदिग्ध भूमिका सामने आई। आरोप है कि जब छात्र यमुना में डूबा, तो उस युवक ने किसी को जानकारी देने के बजाय गांव में आकर छात्र को ढूंढने का नाटक शुरू कर दिया। रात 10 बजे तक उसने इस सच को छिपाए रखा कि लड़का नदी में डूब चुका है। इसी खामोशी ने परिजनों के शक को यकीन में बदल दिया है कि उनके बेटे के साथ कुछ गलत हुआ है।

बेटे को नदी में डुबोया गया है- पिता
लापता छात्र के पिता सुनील का कलेजा फट रहा है। उनका कहना है कि उनका बेटा उसी युवक के साथ गया था। उन्हें डर है कि उनके बेटे को नदी में डुबोया गया है। परिजनों की बस एक ही मांग है कि पुलिस निष्पक्ष जांच करे और सच सामने लाए। फिलहाल, छात्र का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। छात्र खुद डूबा या उसे डुबोया गया, यह सवाल अभी भी यमुना की लहरों में दफन है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, लेकिन असली कारणों का खुलासा छात्र के मिलने के बाद ही हो पाएगा।