हरा चारा लेने गए किसानों के सामने आया खौफनाक मंजर, बंदर को निगलकर खेत में पसरा था 15 फीट अजगर, नजारा देख उड़े होश

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 11:38 AM (IST)

यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर जिले के टोडरपुर गांव में उस समय अफरातफरी मच गई, जब खेतों में किसानों को करीब 15 फीट लंबा विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर ने एक बंदर को जकड़कर निगल लिया था और शिकार को निगलने के बाद खेत में ही सुस्त पड़ा हुआ था। विशाल अजगर को देखकर किसानों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। 

बताया जा रहा है कि कुछ किसान खेतों की तरफ हरा चारा लेने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े विशाल अजगर पर पड़ी। जब किसानों ने पास जाकर देखा तो अजगर एक बंदर को निगल चुका था। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत वन्य जीव विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मोहित की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को रेस्क्यू करने की कार्रवाई शुरू की विशालकाय अजगर को पकड़ना टीम के लिए भी आसान नहीं था। कड़ी मशक्कत और सावधानी के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित तरीके से काबू में लिया। 

अजगर के रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई को देखते रहे। वन्य जीव विभाग की टीम ने अजगर को आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले जाकर जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। विशाल अजगर के रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वहीं, वन्य जीव विभाग ने लोगों से अपील की कि खेतों या आसपास किसी भी जंगली जीव के दिखाई देने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें और तुरंत विभाग को सूचना दें।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static