रोडवेज बेड़े में शामिल होंगी 1500 नई बसें

2/9/2020 9:46:34 AM

सोनीपत: बसों की किल्लत से परेशान बस यात्रियों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। शनिवार को एक प्रैसवार्ता के दौरान परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि जल्द ही सरकार 1500 नई बसें खरीदने की प्रक्रिया पूरी करने वाली है। जिसके बाद लोकल रूट से लेकर लम्बे रूट पर पर्याप्त संख्या में बसें बस यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही किलोमीटर योजना को भी बेहतरीन तरीके से चलाया जाएगा।  परिवहन मंत्री ने अवैध खनन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि किसी भी सूरत में अवैध खनन स्वीकार नहीं किया जाएगा। एन.जी.टी. के निर्देशों की पूर्ण अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए ई-रवाना योजना लागू की गई है।

ई-रवाना के बिना माल लेकर चलने वालों को गिरफ्त में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के मामले में करीब 1700 डम्पर गिरफ्त में लिए गए हैं। कुंडली गांव के सरपंच के रिकॉर्ड जलने के मामले को लेकर किए गए सवाल के जवाब में परिवहन मंत्री ने कहा कि इसकी जांच करवाई गई है। उपायुक्त ने इस मामले में जानकारी दी कि जांच में बी.डी.पी.ओ. की संलिप्तता भी मिली है। एक अन्य मामले की जांच के लिए मुख्यालय को लिखा गया है, जिसके बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली विधानसभा चुनावों के सवाल के जवाब में उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी। हर आदमी विकास चाहता है, जिसके लिए भाजपा पहली पसंद है।

निगम के सफाईकर्मियों की ड्यूटी को लेकर पूछे गए सवाल के  जवाब में परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि जहां नियमानुसार कर्मियों को नहीं लगाया जा सकता वहां से उन्हें वापस बुलवाएंगे। नशा की रोकथाम के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस मामले में बहुत सख्त हैं। नशा माफिया कांग्रेस सरकार की देन है, जिसे खत्म किया जा रहा है। इस मौके पर विधायक मोहनलाल बड़ौली, डी.सी. डा. अंशज सिंह, निगम आयुक्त अशोक बंसल व ए.डी.सी. दिनेश यादव आदि अधिकारी भी मौजूद थे। 

Isha