16 को पंचकूला से शुरू करेंगे किसानों की समस्याओं को लेकर संघर्ष: झींडा

8/6/2017 8:15:10 AM

कुरुक्षेत्र:जनता अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने, प्रचार और प्रसार के लिए विंग गठित करने का फैसला लिया है जिसके तहत स्त्री विंग, युवा विंग, छात्र विंग, एस.सी. और बी.सी. विंग का गठन होगा। युवाओं की टीमें गठित करके बूथ स्तर तक पार्टी का प्रचार किया जाएगा। वे डेरा बाबा चरण सिंह कारसेवा में पार्टी की पहली प्रदेश स्तरीय बैठक के बाद पत्रकारवार्ता कर रहे थे। 

उन्होंने कार्यकारिणी का ऐलान करते हुए बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अवतार सिंह चक्कू को सरपरस्त, जोगा सिंह यमुनानगर को महासचिव, हरियाणा प्रदेश कार्यकारिणी में अंग्रेज सिंह गुजरातिया असंध को प्रदेशाध्यक्ष, हरमनप्रीत सिंह सलपानी को प्रदेश महासचिव, जसबीर सिंह खालसा को प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। कई जिलों में अध्यक्षों को चुना गया है जिनमें पंचकूला से कुलदीप सिंह सकेतड़ी, अम्बाला से हरप्रीत सिंह केसरी, यमुनानगर से सुखविंद्र सिंह, कुरुक्षेत्र से साहब सिंह किशनगढ़, करनाल से अमीर सिंह मल्ली, कैथल जसबीर सिंह हाबड़ी, जींद से मेहर सिंह शामिल हैं।

राणा भट्टी फरीदाबाद को स्त्री विंग की राष्ट्रीय अध्यक्षा और जसबीर कौर रतिया को हरियाणा अध्यक्षा, युवा विंग में रणजीत सिंह ढाचर को प्रदेश अध्यक्ष, जबकि अजायब सिंह लोहारा को कुरुक्षेत्र अध्यक्ष बनाया गया है। हरभजन सिंह ठसका को बी.सी. विंग का कुरुक्षेत्र अध्यक्ष मनोनीत किया है। इस अवसर पर अवतार सिंह चक्कू, जोगा सिंह, हाकम सिंह केसरी, जसबीर सिंह खालसा, स्वर्ण सिंह रतिया, जगदेव सिंह मटदादू, अपार सिंह किशनगढ़, करनैल सिंह, मनजीत सिंह ढाचर, हरप्रीत सिंह नरुला, बलवंत सिंह फौजी शामिल थे।

पत्रकारों को झींडा ने बताया कि वर्ष 1970 में सरकार ने फसलों के समर्थन मूल्य घोषित करने शुरू किए थे, जबकि उससे पहले किसी किसान पर बैंक या आढ़ती का कोई कर्ज नहीं था।फसलों के समर्थन मूल्य में तो 47 वर्षों में केवल 20 प्रतिशत वृद्धि हुई है, जबकि कृषि लागत मूल्य में 100 से 150 प्रतिशत बढ़ौत्तरी हुई है। सरकार अगर ईमानदारी से हिसाब दे तो हर 5 एकड़ जमीन वाले किसान का सरकार की तरफ करीब 1 करोड़ रुपए बकाया निकलेगा। हम राष्ट्रपति के माध्यम से केंद्र सरकार से 47 सालों में बढ़े समर्थन मूल्य का हिसाब देने की मांग करते हैं। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर प्रदेशभर में जिलास्तर पर डी.सी. को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। 16 अगस्त को पंचकूला, 18 को अम्बाला, 20 को यमुनानगर, 22 को कुरुक्षेत्र, 24 को करनाल, 26 को कैथल, 28 को फतेहाबाद, 30 को जींद और 2 सितम्बर को सिरसा में डी.सी. के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजे जाएंगे।