गैस कटर से ए.टी.एम. काटकर 17 लाख चोरी

4/9/2019 11:56:26 AM

गन्नौर (नरेंद्र): सांदल कलां गांव में चोर रविवार देर रात एस.बी.आई. के ए.टी.एम. को गैस कटर से काटकर रुपए लूटकर ले गए। कंपनी के अधिकारी ने मामले की शिकायत राजलू गढ़ी पुलिस चौकी में दी।
 सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना करने के बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ  मामला दर्ज कर लिया। बताया गया है कि ए.टी.एम. में 17 लाख रुपए से ज्यादा की राशि थी। 

शिकायत में ए.टी.एम. के सुरक्षा कर्मी पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव भाखरपुर निवासी योगेश ने बताया कि वह चंडीगढ़ स्थित ए.जी.एस. ट्रांसैक्ट टेक लिमिटेड कम्पनी में कार्यरत है। ए.जी.एस. कंपनी ने एस.बी.आई. ए.टी.एम. के रख-रखाव व कैश लोङ्क्षडग का जिम्मा ले रखा है। एस.बी.आई. का एक ए.टी.एम. जो सांदल कलां गांव में स्थित है, उसमें कंपनी द्वारा एक सुरक्षाकर्मी सुरेंद्र को रखा हुआ है, जो रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ए.टी.एम. पर ड्यूटी देता है। सुरेंद्र ने 8 अप्रैल की सुबह उन्हें सूचना दी कि चोर ए.टी.एम. का शटर तोड़ व ए.टी.एम. मशीन काट कर कैश चुरा ले गए हैं। इस पर वह मौके पर पहुंचा तो उन्होंने देखा कि ए.टी.एम. को गैस कटर से काटा गया है।

चोर ए.टी.एम. में रखा गया पैसों से भरा कैबिनेट चुरा कर ले गए। उन्होंने बताया कि कम्पनी द्वारा 6 अप्रैल को 12 लाख रुपए डाले गए थे और उससे पहले ए.टी.एम. में करीब 17 लाख 36 हजार रुपए रखे थे। योगेश ने बताया कि चोरी किए गए पैसों की सारी रिपोर्ट मंगलवार को उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने ए.टी.एम. में तैनात सुरक्षाकर्मी सुरेंद्र पर भी ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। योगेश की शिकायत पर पुलिस ने चोरों के खिलाफ  मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Shivam