ठेकेदार ने कर्जदार मां-बाप को धमका 17 साल की बेटी का विवाह 35 साल के लड़के से करवाया

6/24/2022 10:23:13 AM

पानीपत: एक ठेकेदार द्वारा कर्ज के नीचे दबे दम्पति को डरा-धमका कर लड़की की शादी उससे दोगुनी उम्र के लड़के से करवाने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि इस शादी के करवाने के बाद ठेकेदार ने लड़के पक्ष से सोने की अंगूठी और करीब डेढ़ लाख रुपए शादी करवाने का ईनाम भी लिया है। लड़की ने बाल विवाह निषेध अधिकारी को चिट्ठी लिखकर पूरी घटना के बारे में बताया जिस पर अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को तलब किया तथा सभी के बयान दर्ज किए गए।

बाद में जब उक्त अधिकारी द्वारा जांच में बाल विवाह होने का खुलासा होने ोपर पुलिस को केस दर्ज करने के बारे में लिखा मगर इस मामले में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और न ही पुलिस केस दर्ज कर रही है। आरोप है कि अधिकारी के रिमाइंडर का भी पुलिस की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।
लड़की ने अधिकारी को लिखित शिकायत में यह भी बताया है कि वह पानीपत के गांव जाटल की रहने वाली है, उसकी शादी रोहतक में हुई है। 

उसके माता-पिता बहुत गरीब हैं, मेहनत-मजदूरी करके परिवार का खर्चा चलाते हैं। वहीं अधिकारी द्वारा की गई जांच में स्कूली दस्तावेज के आधार पर लड़की की जन्मतिथि अगस्त, 2005 मिली, यानी कि लड़की की शादी 17 साल 3 माह की उम्र में 15 मार्च, 2021 को की गई थी। मां ने यह भी बताया कि वह जब लड़का देखने गई थी तो उसे वह उम्र में बड़ा लगा। लड़के की उम्र 35 साल थी, उसने रिश्ता करने से मना कर दिया था लेकिन ठेकेदार के दबाव में यह विवाह किया गया था।

Content Writer

Isha