फर्जी कागजात पेश कर बैंक से हड़पे 18 लाख, गिरफ्तार

11/20/2019 12:34:24 PM

कुरुक्षेत्र (धमीजा) : थाना शहर थानेसर पुलिस ने मकान खरीदने के बहाने बैंक से धोखाधड़ी कर 18 लाख रुपए हड़पने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने बताया कि बैंक मैनेजर राजेश ने शिकायत में कहा था कि उसके बैंक से प्रवीन शर्मा, जिला कैथल हाल कुरुक्षेत्र निवासी संजीव आदि ने फर्जी कागजात तैयार कर फरीदकोट हाऊस कुबेर कालोनी में एक भूमि के दस्तावेज दिखाकर मकान बनाने को लेकर पेश किए थे। 

जिस पर बैंक ने इन्हें 18 लाख रुपए दे दिए। बाद में जांच करने पर खुलासा हुआ कि बैंक में दिए गए दस्तावेज फर्जी हैं। इन लोगों ने बैंक से धोखाधड़ी कर रुपए हड़प लिए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। थाना प्रभारी सुभाष चंद के नेतृत्व में सब-इंस्पैक्टर बलजीत वालिया ने टीम सहित छापामारी करते हुए आरोपी संजीव निवासी जिला कैथल को गिरफ्तार कर लिया है। 

Isha