भाखड़ा नहर में नहाने गए 3 युवकों में से एक की डूबने से मौत, मामा के घर आया था 18 वर्षीय युवक

9/18/2022 8:01:10 PM

डबवाली(संदीप): डबवाली के मौजगढ़ हैड पर भाखड़ा नहर में नहाने आए तीन युवकों में से 1 की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक युवक सिरसा का रहने वाला है और डबवाली में वह अपने मामा के घर आया हुआ था। वह अपने 2 रिश्तेदारों के साथ नहर पर नहाने गया था। मामले की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक युवक के शव को अपने कब्जे में लिया। मृतक के शव का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह करवाया जाएगा।  

 

पैर फिसलने से नहर में डूबा युवक, अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित


सदर थाना एएसआई मदन के मुताबिक मृतक युवक की पहचान 18 वर्षीय गौरव के रूप में हुई है। मृतक डबवाली की कबीर बस्ती में रहने वाले अपने मामा कश्मीरी सिंह के घर आया हुआ। वह आज अपने मामा के बेटों के साथ मौजगढ़ हैड पर भाखड़ा नहर में नहाने गया था। हैड पर बनी सीढिय़ों पर बैठकर ये सभी नहा रहे थे, तभी गौरव का पैर फिसल गया। पैर फिसलने से गौरव नहर में जा गिरा। गौरव को तैरना नहीं आता था, इसलिए वह पानी में डूब गया। मृतक गौरव के साथ नहाने आए राकेश व ऋतिक ने शोर मचाया तो आस-पास खेतों में काम करने वाले ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से गौरव को नहर से निकाला गया। उसे डबवाली के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसआई मदन ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर पिता मुंशी राम के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan