गीता महोत्सव में दिखा 1.7 किलोग्राम का ''जम्बो अमरूद'', पर्यटकों को भाया स्वाद

11/28/2017 6:31:51 PM

कुरुक्षेत्र(रणदीप रोड): धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में पहली बार 1 किलो 7 सौ ग्राम के जंबो अमरूद को देखकर पर्यटक आश्चर्यचकित हो रहे हैं। यही नहीं अमरूद का स्वाद चखने के बाद उनके मुंह से वाह-वाह निकल गया। इन जंबों अमरूदों को पेश करने वाले तीन दोस्त हैं जिन्होंने नौकरी छोड़कर जैविक खेती के माध्यम से अमरूद की पैदावार की है। इस अमरूद को ऑनलाईन भी खरीदा जा सकता है, जिनकी डिलीवरी आपके घर पर कर दी जाएगी।



दरअसल, जींद के गांव संगतपुरा निवासी कर्मजीत सैनी और पानीपत निवासी गुरशरण रावल व इंजीनियर नीरज डांडा ने नौकरी करने की बजाए खेती की तरफ रुझान किया। इन दोस्तों ने गांव संगतपुरा में थाई ग्वावा किस्म का अमरुद का बाग लगाया है और इनकी मेहनत रंग भी लाई है। इनके बाग में पैदा होने वाले एक अमरुद का वजन 1 किलो 700 ग्राम तक पाया गया और यही बाग जींद में चर्चा का विषय बन गया हैं।



उन्होंने बताया कि, वैज्ञानिक जैविक खेती के लिए ज्यादा पूंजी की भी जरुरत महसूस नहीं हुई। उन्होंने एक कम्पनी स्थापित की है और घर-घर तक जैविक अमरूद पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। वे इसी लक्ष्य को जहन में रखते हुए ही पहली बार अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में अमरुदों के साथ पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि इस अमरुद को तैयार करने से पूर्व जमीन को गौमूत्र व गोबर की खाद डालकर कीटनाशकों के दुष्प्रभाव को दूर किया गया है और भारत की कृषि पद्धतियों का इस्तेमाल किया गया है।