सिख युवक मारपीट मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार

7/18/2017 10:03:37 AM

कुरुक्षेत्र/अम्बाला (कमलप्रीत):अम्बाला के कस्बे मुलाना में सिख नौजवान के साथ मारपीट की क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिख समाज में रोष है। मामले को गम्भीरता से लेते हुए दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी ने इसके लिए 3 सदस्यीय कमेटी का गठन करके उसे मामले की पैरवी के लिए अम्बाला भेजा है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी के सदस्य ज. सर्वजीत सिंह विर्क के नेतृत्व में गठित 3 मैम्बरी कमेटी के सदस्य हरजीत सिंह पप्पा, गुरमीत सिंह भाटिया और हरियाणा सिख परिवार के प्रदेशाध्यक्ष कंवलजीत सिंह अजराना ने अम्बाला के एस.पी. अभिषेक जोरवाल, डी.एस.पी. बराड़ा अनिल कुमार और एस.एच.ओ. मुलाना से मुलाकात की। 

प्रतिनिधिमंडल ने आरोपियों के खिलाफ भा.दं.सं. की धारा 307 और 295ए भी लगाने के साथ उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने का आग्रह किया। हालांकि पुलिस ने इस संदर्भ में बस परिचालक नवाब सिंह की शिकायत पर धारा 323, 34 व 506 के तहत मामला दर्ज किया था मगर जब यह प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधिकारियों से मिला तो धारा 295ए और 307 आई.पी.सी. भी लगाई गई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे सर्वजीत सिंह विर्क ने बताया कि यह मामला जब दिल्ली कमेटी के महासचिव मनजिंद्र सिंह सिरसा के संज्ञान में आया तो उन्होंने 3 सदस्यीय कमेटी बनाकर उन्हें यहां भेजा। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में मनजिंद्र सिंह ने हरियाणा पुलिस के महानिदेशक बी.एस. संधू से बातचीत की। पुलिस महानिदेशक ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद वे लोग अम्बाला में एस.पी. व अन्य अधिकारियों से मिले। 

अम्बाला में पुलिस अधिकारियों से मिलने के बाद दिल्ली कमेटी के सदस्य कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में शीश नवाने पहुंचे। उल्लेखनीय है कि हरजीत सिंह निवासी जिला तरन तारण पंजाब (अमृतधारी सिख) वर्तमान में यमुनानगर में काम करता है। उसके साथ 3-4 युवकों ने मारपीट की थी। नितिका गहलोत ए.एस.पी. अम्बाला ने बताया कि सिख समुदाय ने जो भी मांग रखी थी उसे मानते हुए आगे आदेश दे दिए हैं। आरोपी 2 युवक पकड़ लिए गए हैं वो आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। यह झगड़ा बहस से ही आगे बढ़ा था।