नहर में नहाने गए 2 लड़के डूबे, तलाश जारी

6/5/2017 2:23:47 PM

थानेसर(आयुष गुप्ता):कुरुक्षेत्र-कैथल मार्ग पर स्थित मिर्जापुर के समीप एस.वाई.एल. नहर में 2 युवकों के नहर में डूबने की घटना सामने आई है। घटना की सूचना कंट्रोल रूप में आने के बाद आदर्श थाना प्रभारी छोटू राम मौके पर पहुंचे और हालात का निरीक्षण किया।

उसके बाद कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के गोताखोरों को बुला सर्च का कार्य शुरू किया। थाना प्रभारी नहर की पटरी पर पैदल चलकर लम्बी दूरी पर डूबे युवकों को नहर पर सर्च करते दिखे। युवकों की पहचान सागर (20) पुत्र फूल सिंह किशनपुरा व दूसरा साथी रजत सैनी सुंदरपुर के रूप में हुई। 

थाना प्रभारी छोटू राम ने बताया कि रविवार दोपहर लगभग साढ़े 3 बजे अशोक पुत्र कर्म चंद किशनपुरा, सागर व रजत बाइक पर एस.वाई.एल. नहर में नहाने आए थे। इसमें अशोक कुमार नहर की पटरी पर ही खड़ा रहा, जबकि सागर व रजत नहाने के लिए एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नहर की पटरी पर आ गए जहां अचानक दोनों पानी के तेज बहाव में बह गए। 

थाना प्रभारी ने बताया कि उस दौरान 20 से 25 युवक उक्त नहर में नहा रहे थे। जब वे मौके पर पहुंचे तो उन्हें वहां से खदेड़ा गया। डूबने वाले युवकों के परिजनों को सूचित कर दिया है व नहर में उनकी तलाश का कार्य लगातार जारी है।