यमुनानगर पुलिस के हत्थे चढ़े 2 शातिर बदमाश, चोरी व लूट जैसी दर्जनों वारदातों को दे चुके अंजाम

2/3/2023 8:26:37 PM

यमुनानगर(सुमित) : चोरी और लूट जैसी दर्जनों वारदातों को अंजाम दे चुके दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में यमुनानगर पुलिस ने कामयाबी हासिल की है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था और पूछताछ के दौरान आरोपियों ने लूट व चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है।

 

 

एक पर 32 मामले दर्ज, दूसरा भी 17 मामलों में है आरोपी

 

डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक वारदात की फिराक में जोड़ियां नाका के पास घूम रहे हैं। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने टीम का गठन कर दोनों युवकों को काबू किया गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत लेकर पूछताछ की तो आरोपियों की पहचान लक्ष्मी नगर कैंप निवासी प्रिंस उर्फ गोली और कैंप निवासी राहुल उर्फ गंजा के रूप में हुई। आरोपी प्रिंस उर्फ़ गोली  पर विभिन्न धाराओं में पहले से ही 32 मामले दर्ज है। वहीं गंजा भी 17 मामलों में आरोपी है। दोनों मिलकर लंबे समय से वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

 

 

बस का इंतजार कर रहे बीटेक छात्र पर हमला कर की थी लूट

 

बता दें कि दोनों आरोपियों ने एक बीटेक छात्र के साथ लूट करने के बाद उसे घायल कर दिया था। दरअसल ऑटो में सवार होकर प्रिंस और राहुल ने इंटरव्यू के लिए बस का  इंतजार कर रहे एक बीटेक छात्र के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। यही नहीं इसके बाद दोनों उसे घायल कर मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। बताया जा रहा है कि वारदात में इस्तेमाल किए गए ऑटो को भी आरोपियों ने यमुनानगर के जगाधरी से चुराया था। दोनों मिलकर इस तरह की दर्जनों वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  

Content Writer

Gourav Chouhan