क्रशर जोन में दीवार ढहने से 2 मासूमों की मौत

8/2/2019 12:02:48 PM

भिवानी : गांव मानकावास के क्रशर जोन में दीवार गिरने से 2 मासूमों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। वहीं, घायल बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पी.जी.आई. रैफर किया है। 

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के गांव मारकुंडी निवासी उमेश परिवार सहित मानकावास गांव में क्रशर जोन में मजदूरी करता है। वीरवार को उमेश के गांव का ही सुलोचन भी परिवार के साथ मानकावास आया था। इस दौरान उमेश का 2 वर्षीय बेटा शोभित व सुलोचन का 2 वर्षीय बेटा शिवा व 4 वर्षीय बेटी समुंद्री क्रशर के बीच बनी दीवार के पास खेल रहे थे।

बाजू वाले क्रशर पर पोकलैंड मशीन से मिट्टी डाली जा रही थी। इसी बीच मशीन के दबाव से दीवार ढह गई और तीनों बच्चे मलबे के नीचे दब गए। घटना में शिवा और शोभित की मौके पर मौत हो गई। वहीं, समुंद्री गंभीर रूप से घायल है।

Isha