सड़क दुर्घटना में 2 मजदूरों की मौत, गाड़ी चालक मौके से फरार

11/11/2019 12:41:06 PM

शाहाबाद मारकंडा (रणजीत) : बीती रात बीती रात शाहाबाद-अम्बाला जी.टी. रोड पर मारकंडा कालोनी के नजदीक हुई एक सड़क दुर्घटना में 2 मजदूरों की मौत हो गई। घटना के पश्चात बोलैरो गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस को दी शिकायत में मारकंडा कालोनी निवासी प्रेम पाल ने कहा है कि वह मेहनत मजदूरी का कार्य करता है। वह और उसका लड़का वीरपाल तथा एक अन्य मजदूर मोहन लाल एक ठेकेदार के पास राज मिस्त्री के रूप में कार्यरत है।

बीती रात वह तीनों ठेकेदार के पास शाहाबाद में मजदूरी करके घर जा रहे थे। जब वह जी.टी. रोड पार करने लगे तो अम्बाला की ओर से एक बोलैरो गाड़ी चालक वाहन को तेज गति व लापरवाही से चलाता हुआ आया और वीरपाल व मोहन लाल को टक्कर मार दी जिससे दोनों युवक सड़क पर लगी लोहे की ग्रिलों के साथ जा टकराए और बुरी तरह से घायल हो गए। इसी बीच वहां पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई और एंबुलैंस की मदद से दोनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मामले की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में मारकंडा कालोनी निवासी अस्पताल में पहुंच गए और कालोनी में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने अज्ञात बोलैरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिए गए हैं। 

Isha