2 लाख का इनामी बदमाश अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार(Video)

7/30/2018 8:45:59 AM

सोनीपत(पवन राठी): स्कूली पढ़ाई पढऩे के बाद वकील बनने की चाहत थी। इसके लिए वकालत की डिग्री हासिल की लेकिन वह वकील बनने की बजाय ईनामी बदमाश बन गया। एस.आई.टी. पुलिस सोनीपत व खरखौदा थाना पुलिस ने एक ऐसी ही एक मोस्ट वांटेड को बहालगढ़ चौक के पास से दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी सुमित उर्फ  वकील निवासी चिटाना है। 

पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। डी.एस.पी. खरखौदा हरेंद्र सिंह ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए बताया कि एस.आई.टी. शाखा सोनीपत व प्रबंधक थाना खरखौदा अजय सिंह की संयुक्त टीम देर रात्रि बहालगढ़ चौक जी.टी. रोड पर नाकाबंदी किए हुए थी। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि हरियाणा एवं दिल्ली पुलिस का मोस्ट वांटेड एवं 2 लाख रुपए ईनामी आरोपी सुमित कार से यहां से जाने वाला है। पुलिस टीम ने आरोपी को दबोचा लिया। 

तलाशी लेने पर कब्जा से एक अवैध देसी रिवाल्वर व 10 जिन्दा कारतूस मिले। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि वारदातों का खुलासा हो सके।  गिरफ्तार आरोपी से प्रारम्भिक पूछताछ करने पर अपराध की स्वीकारोक्ति करते हुए बताया कि इस कार को मई 2018 मे साकेत दिल्ली से लूटा था।  गिरफ्तार आरोपी वर्ष 2013 से पैरोल से फरार हुआ था। 

Rakhi Yadav