शादी का झांसा देकर 2 माह किया दुष्कर्म, मामला दर्ज

2/5/2021 10:23:19 AM

यमुनानगर : बूडिय़ा थाना क्षेत्र के गांव में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसे करनाल जिले के नीलोखेड़ी निवासी राकेश शादी का झांसा देकर अपने साथ यहां लेकर आया। 2 माह तक उसे कमरे में रखा। इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया, बाद में आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया। पीड़ित महिला कुरुक्षेत्र के लाडवा रोड की रहने वाली है। उसने थानेसर थाना में केस दर्ज करवाया। 

थाना प्रभारी लज्जा राम ने बताया कि थानेसर में महिला की शिकायत पर जीरो एफ.आई.आर. दर्ज हुई थी। वहीं से केस हमारे यहां ट्रांसफर हुआ। तफ्तीश शुरू कर दी गई है। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक 35 वर्षीय शादीशुदा महिला के घर पर राकेश का आना-जाना था। दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ गई। इसके बाद वह फोन पर बातें करने लगे। आरोपी राकेश ने उसे शादी का झांसा दिया। पहले वे दोनों मिलते रहे बाद में नवम्बर 2020 में आरोपी उसे अपने साथ भगाकर बूडिय़ा थाना क्षेत्र के गांव में ले आया। यहीं पर आरोपी ने उसे 2 माह तक अपने साथ रखा। इस दौरान उसके साथ संबंध बनाए। जब भी वह शादी की बात करती तो आरोपी बहाने बनाता। बाद में उसने शादी से इंकार कर दिया। पीड़िता के पास 3 बच्चे हैं। ए.एस.आई. अमरदीप मामले की जांच कर रही हैं।  

Content Writer

Manisha rana