दीवार के विवाद को लेकर 2 पक्षों में हुआ झगड़ा, आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

3/30/2020 10:21:45 AM

भिवानी (ब्यूरो) : हनुमान ढाणी में एक दीवार को लेकर चल रहे विवाद में 2 पक्षों में झगड़ा हो गया। इस झगड़े में घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इसमें पहले पक्ष के बलवान ने बताया कि उनका पड़ोस के एक दूसरे पक्ष के साथ दीवार को लेकर झगड़ा चल रहा है। उन्होंने बताया कि सुबह जब वह अपने घर पर था तो उसे गली में शोर सुनाई दिया।

इस पर जब वह बाहर निकला तो उसके पिता गौरी शंकर को दीपक, अतुल, अतुल की पत्नी कविता और उसका पिता सुरेश पीट रहे थे। यह देख वह और उसकी पत्नी पिंकी अपने पिता को छुड़वाने आए तो हमलावरों ने उनकी भी पिटाई कर दी। इसके बाद शोर होने पर हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इस पर उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसके बयान पर हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। 

दूसरे पक्ष ने यह लगाया आरोप 
इसी मामले में दूसरे पक्ष के सुरेश ने बताया कि सुबह के समय वह अपने घर पर था तो उसे गली में शोर सुनाई दिया। इस पर उसने अपने बेटे अतुल और दीपक ने बाहर निकलकर देखा तो उसके परिवार की महिला कविता को गौरी शंकर, उसके बेटे बलवान और राजकुमार के अलावा बलवान की पत्नी पिंकी और राजकुमार की पत्नी रेखा पिटाई कर रहे थे।

यह देख उन्होंने अपने परिवार की महिला को छुड़वाना चाहा तो हमलावरों ने उनकी भी पिटाई कर दी। उन्होंने बताया कि उनका सीवर के पानी को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। इसी के चलते हमलावरों ने उनकी पिटाई की है। इसलिए पुलिस ने उनके बयानों के आधार पर दूसरे पक्ष के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया।  

Isha