यमुना में गिराया जा रहा है 20 नालों, सीवरेज, फैक्ट्रियों का जहरीला पानी, विभाग ने लिए सैंपल

7/25/2020 5:09:03 PM

यमुनानगर(सुरेंद्र मेहता): यमुनोत्री से निकलने वाली यमुना पहाड़ी इलाकों में साफ व शुद्ध नजर आती है लेकिन जैसे ही यह मैदानी इलाकों में पहुंचती है इसमें शहरों का कूड़ा, सीवरेज का गंदा पानी, फैक्ट्रियों का जहरीला पानी यमुना में गिराया जाना शुरू हो जाता है। सबसे पहले यमुना यमुनानगर में ही मैदानी इलाके में पहुंचती है और यहां 20 से अधिक स्थानों पर इसमें जहरीला व गंदा पानी डाला जाता है।

यमुनानगर में जहां यमुना के साथ-साथ वेस्टर्न यमुना कैनाल निकलती है और इसके साथ डिच ड्रेन बनाई गई है ताकि यमुना में साफ पानी जाए, लेकिन कई फैक्ट्रियों का जहरीला पानी इसमें बिना शुद्ध किए गिराया जा रहा है। इसके अलावा नगर निगम के नाले भी बिना ट्रीट किए पानी यमुना में डाल जा रहे हैं। यमुना को हरियाणा सरकार के ही कई विभाग दूषित कर रहे हैं। नगर निगम के इलावा जन स्वास्थ्य विभाग एवं ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी भी इसके लिए जिम्मेदार हैं।


यमुना एवं वेस्टर्न जमुना के कई इलाके ऐसे हैं जहां गंदा व बदबूदार पानी सीधा जमुना में गिराया जा रहा है, जिसके चलते यहां से लोगों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। यमुनानगर के हमीदा में वेस्टर्न जमुना में जहां जहरीला पानी डाला जा रहा है वही वेस्टर्न जमुना के किनारे कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। जमीअत उलमा हरियाणा के सचिव अली हसन मजाहीरि का कहना है कि पानी को पाक साफ रखने के लिए सरकार को कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी गंदगी से बीमारियां फैलती हैं। सरकार को इसकी तरफ ध्यान देकर कार्रवाई करनी चाहिए, वहीं हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीजनल ऑफिसर निर्मल कुमार का कहना है कि उन्होंने स्वयं अलग-अलग स्थानों से दौरा करके 22 स्थान चिन्हित किए हैं जहां गंदा पानी वेस्टर्न यमुना कैनाल में जा रहा है।
 

Isha