22 लाख की लूट व मुंशी​ ​की हत्या मामला: गर्लफ्रैंड सहित मुख्य आरोपी गिरफ्तार(Video)

1/1/2018 5:46:23 PM

​जींद(विजेंदर): ​26 दिसंबर को ​जींद में दिनदहाड़े एक मुंशी​ ​को दनादन गोलियों से भून कर अज्ञात हमलावरों ने 22 लाख रुपए लूट लिए थे। वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों में एक मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि, इस मामले में दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनमें से एक आरोपी की गर्लफ्रैंड को भी गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पर पहले से भी क्राईम के मामले दर्ज हैं। वारदात की घटना नजदीकी सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई थी, जिसके मदद से आरोपियों की पहचान की जा सकी है।

गौरतलब है कि, जींद के नरवाना रोड पर स्थित श्रीराम ट्रेडिंग कंपनी फॉर्म का मृतक मुनीम चंद्रपाल जींद के भिवानी रोड की बुढ़ा बाबा बस्ती में परिवार के साथ रह रहा था, जो  मूल रूप से हिसार के मिलकपुर गांव का निवासी था। घटना के दिन सुबह वह बुलेट बाइक पर एक बैग में 22 लाख रूपए की नकदी लेकर निकला था, यह पैसा उन पोल्ट्री फार्मरों को देना था, जिनसे फर्म ने मुर्गे खरीदे थे।

चंद्रपाल ने जैसे ही अपनी बुलेट बाइक कंपनी के कार्यालय के सामने रोकी, ठीक उसी समय नरवाना की तरफ से एक मारूति स्विफ्ट डिजायर कार आकर रूकी। उससे पहले पिछली सीट से एक युवक उतरते ही चंद्रपाल पर फायर कर दिया, इतने में दूसरे बदमाश ने भी चंद्रपाल को गोलियों से भून दिया। गोली चंद्रपाल के सिर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान लुटेरों ने चंद्रपाल से पहले नकदी का बैग छीना और मौके से फरार हो गए। घायल चंद्रपाल को सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बता दें कि, गिरफ्तार आरोपी पर पहले से ही हत्या, लूट, चोरी व अन्य वारदातों के 13 मामले दर्ज हैं।