रेवाड़ी के 22 वर्षीय अग्निवीर की मौत; ट्रेनिंग से लौटते समय हुए थे हादसे का शिकार...पूरे गांव में हर आंख हुई नम
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 05:31 PM (IST)
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी के बावल क्षेत्र के गांव जड़थल में उस समय मातम छा गया जब यहां 22 वर्षीय अग्निवीर की हादसे में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।



मिली जानकारी के अनुसार मृतक अग्निवीर की पहचान ध्रुव रोहिल्ला, पुत्र परवीन रोहिल्ला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ध्रुव 1 जून 2025 को पटना में अग्निवीर के रूप में भारतीय सेना की ड्यूटी पर भर्ती हुए थे। वह अविवाहित थे और परिवार में उनके अलावा उनका छोटा भाई विनीत रोहिल्ला है।

बताया जा रहा है कि ध्रुव प्रयागराज-बरेली क्षेत्र में ड्राइवर पद से संबंधित ट्रेनिंग पूरी कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह चट्टान से नीचे जा गिरे। हादसे में ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सेना के जवानों ने उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, उपचार के दौरान ध्रुव रोहिल्ला ने दम तोड़ दिया।

अग्निवीर ध्रुव की असमय मौत की खबर जैसे ही गांव जड़थल पहुंची, परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने ध्रुव को देश की सेवा के लिए समर्पित युवा बताते हुए उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। परिवार के लिए जवान बेटे को खोना बेहद पीड़ादायक है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)