तिरंगा उतारने के दौरान 5 बहनों के इकलौते भाई की करंट लगने से मौत, 12 फरवरी को होनी थी शादी

1/27/2023 5:26:05 PM

करनाल : गणतंत्र दिवस के मौके पर शहर के सेक्टर-4 स्थित एक इंस्टीट्यूट में तिरंगा उतारने के दौरान करंट लगने से एक नौजवान युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है मृतक युवक के माता-पिता दिव्यांग हैं और उसकी परवरिश भी उसके ताऊ ने की है। वह 5 बहनों का इकलौता भाई था और फरवरी में उसकी शादी होनी थी। बेटे की शादी की तैयारी कर रहे परिवार में इस घटना के बाद मातम पसर गया है।

 

शादी की शॉपिंग करने के बाद झंडा उतारने गया था मृतक

 

जानकारी के अनुसार जिले के गांव बड़सालू का रहने वाला 22 वर्षीय अमन शहर के आईसीआई इंस्टीट्यूट में नौकरी करता था। बीते दिन वह अपनी बहनों के साथ शादी की शॉपिंग करने के लिए बाजार गया हुआ था। वहां से आने के बाद वह इंस्टीट्यूट की छत से तिरंगा उतारने चला गया। तिरंगा उतारने के दौरान वह करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने अमन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि अगले महीने 12 फरवरी को अमन की शादी होनी थी।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         

Content Writer

Gourav Chouhan