7 विस क्षेत्रों में 80 साल के 23,774 बुजुर्ग भी देंगे मतदान की आहुति

10/21/2019 1:31:46 PM

हिसार (संदीप): चुनावों में वोट डालने की बात करें तो हरियाणा में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक उत्साह देखने को मिलता है। 21 अक्तूबर के विधानसभा चुनाव में जिले की 7 विधानसभा क्षेत्रों में 23 हजार 774 बुजुर्ग वोट डालेंगे।  ये सभी वे बुजुर्ग हैं जिनकी उम्र 80 या 80 साल से ज्यादा है। जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में सबसे ज्यादा बुजुर्गों की संख्या नारनौंद में है।

जिला चुनाव विभाग के आंकड़ों के अनुसार नारनौंद में 4573 बुजुर्ग मतदाता हैं।  वहीं सबसे कम बुजुर्ग हिसार विधानसभा क्षेत्र में हैं। चुनाव विभाग के अनुसार हिसार विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 2403 ही बुजुर्ग मतदाता हैं। हिसार की सातों विधानसभा क्षेत्रों में बुजुर्ग महिलाओं की संख्या बुजुर्ग पुरुषों से 6132 ज्यादा है। आदमपुर हलके में 1014 सबसे कम बुजुर्ग पुरुष हैं। 21 अक्तूबर के विधानसभा चुनाव में बुजुर्ग आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

26,449 युवा पहली बार करेंगे मतदान
हिसार जिले में इस बार 26,449 युवा पहली बार मतदान करेंगे। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार इस बार 18 से 19 साल के 26,449 युवाओं ने अपना वोट बनवाया है। आंकड़ों के अनुसार 18 से 19 साल के आयुवर्ग में 7858 लड़कियों ने व 18,590 लड़कों ने अपना वोट बनवाया है। सबसे ज्यादा हिसार विधानसभा क्षेत्र की 1508 लड़कियों ने अपना वोट बनवाया है। वहीं नारनौंद विधानसभा क्षेत्र में 2965 लड़कों ने सबसे ज्यादा वोट बनवाएं हैं। सबसे कम आदमपुर विधानसभा में 925 लड़कियों ने वोट बनवाया है। हांसी विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 2463 लड़कों ने अपना वोट बनवाया है।   

Isha