सूर्य ग्रहण: 250 सी.सी.टी.वी. कैमरों से मेला क्षेत्र पर रहेगी पैनी नजर

12/25/2019 1:37:53 PM

कुरुक्षेत्र(ब्यूरो): सूर्यग्रहण मेले को लेकर अभी भी तैयारियां अधूरी हैं। आनन-फानन में किए जा रहे प्रबंधों से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। सन्निहित सरोवर पर कुछ जगह पर पानी काला तो कुछ घाटों पर काई जमी हुई है। ब्रह्मसरोवर पर वी.वी.आई.पी. घाट की खूब साज-सज्जा की जा रही है लेकिन प्राचीन सन्निहित सरोवर जहां सूर्यग्रहण का विशेष महत्व है, पर विशेष ध्यान नहीं दिया गया। तीर्थों के आसपास टूटे पत्थरों की समस्या जस की तस खड़ी है।

लीपा-पोती के चलते सरकारी मशीनरी को खूब पसीना बहाना पड़ रहा है। सड़कों को दुरुस्त नहीं किया गया। जिस कारण कैथल, पिहोवा तथा दिल्ली, अम्बाला मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। 26 दिसम्बर को लगने वाले सूर्यग्रहण मेले में 15 लाख पर्यटकों की संभावना है। मेला क्षेत्र को पुलिस छावनी बना दिया गया है। 

प्रदेशभर से आए करीब 5 हजार पुलिस कर्मचारी तथा अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। करीब 250 सी.सी.टी.वी. कैमरों से पूरे मेला क्षेत्र पर पैनी निगाह रखी जाएगी। मंगलवार को पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से होटलों, ढाबों व धर्मशालाओं में सर्च अभियान चलाया। डॉग स्कवायड की टीमें, कमांडो तथा सिविल डै्रस में तैनात पुलिस बल ने भी संदिग्ध स्थानों पर निरीक्षण किया। पिपली से लेकर ब्रह्मसरोवर तक सड़क के मार्ग पर अभी भी मुरम्मत का कार्य चल रहा है लेकिन लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क पर बिछाई जा रही तारकोल के चलते दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गर्म तारकोल का धुआं व्यापारिक संस्थानों में प्रवेश कर रहा है। पिपली रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल के डाक्टर सोनी ने बताया कि आनन-फानन में सड़क पर लगाए जा रहे पैचवर्क में प्रयोग किए जाने वाली लुक व अन्य सामग्री की गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है और गंदा धुआं प्राइवेट अस्पतालों के अंदर जाने से मरीजों की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस बारे विभाग के अधिकारियों को भी सूचित किया गया लेकिन अधिकारी झगडऩे को तैयार हो गए। देश के कोने-कोने से आने वाले महान संत साधु समाज के लोगों के साही स्नान की व्यवस्था अर्जुन घाट पर की गई है। इतना ही नहीं, साही स्नान के साथ-साथ ब्रह्मïसरोवर के आस-पास की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 4 आई.ए.एस. अधिकारी, 13 एच.सी.एस. अधिकारी, 6 से ज्यादा आई.पी.एस. अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। 

सिर्फ यात्री व आपातकालीन वाहनों का प्रवेश
ए.डी.सी. पार्थ गुप्ता ने कहा कि सूर्य ग्रहण मेले को लेकर 25 व 26 दिसम्बर को कुरुक्षेत्र में आने वाले सभी मार्गों पर नाकाबंदी की जाएगी और सूर्यग्रहण मेला क्षेत्र में यात्री व आपातकालीन वाहनों जैसे एम्बुलैंस, फायरब्रिगेड, क्रेन आदि शामिल हैं, को ही प्रवेश करने दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य किसी भी वाहन कुरुक्षेत्र की तरफ नहीं आने दिया जाएगा।
 

Edited By

vinod kumar