पैंशन बहाली की मांग: 28 से कर्मचारी सांसदों के आवास पर करेंगे भूख हड़ताल

10/8/2018 9:58:37 AM

करनाल(पांडेय): पैंशन बहाली संघर्ष समिति के बैनर तले रविवार को पैंशन अधिकार रैली का आयोजन किया गया जिसमें हजारों कर्मचारियों ने भाग लिया। सैक्टर-13 के ग्राऊंड में रैली के बाद कर्मचारी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे। हालांकि वहां पर किसी से मुलाकात नहीं होने पर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कर्मचारियों का प्रदर्शन देख पुलिस ने भी बल प्रयोग की पूरी तैयारी कर ली थी। लेकिन करनाल तहसीलदार द्वारा समिति के पदाधिकारियों को 10 अक्तूबर को सी.एम. मनोहर लाल खट्टर से मिलने का लिखित में आश्वासन देने पर मामला शांत हुआ।

रैली में नैशनल मूवमैंट फॉर ओल्ड पैंशन स्कीम के राष्ट्रीयाध्यक्ष विजय बंधु ने ऐलान किया कि अगर हमारी मांगें पूरी नहीं होती तो 28 अक्तूबर से कर्मचारी सभी सांसदों के निवास पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे। रैली करने के बाद हजारों कर्मचारी ओ.एस.डी. कार्यालय का घेराव करने पहुंच गए। रोष बढ़ता देख अधिकारी यहां पहुंचे और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री से 10 अक्तूबर को मुलाकात का समय निश्चित करवाया। कर्मचारियों का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सी.एम. से मिलेगा।
 

Rakhi Yadav