अंबाला जेल में बना VIP अड्डा: 3 IAS अफसर, पूर्व विधायक और 3 पुलिसकर्मी एक ही बैरक में बंद!
punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 02:34 PM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा की अंबाला सेंट्रल जेल इन दिनों खास वजह से चर्चाओं में है। जेल के वार्ड नंबर-2 की एक बैरक में हरियाणा के तीन आई.ए.एस. अधिकारी और पूर्व विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा ससुर एक साथ बंद हैं। इनके अलावा अन्य मामलों में गिरफ्तार तीन पुलिसकर्मी भी इसी बैरक में हैं।
जेल प्रशासन ने सुरक्षा कारणों के चलते इन सभी को एक साथ रखा है, लेकिन एक ही बैरक में नौकरशाही और राजनीति के चर्चित चेहरों की मौजूदगी ने इस वार्ड को ब्यूरोक्रेसी और सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना दिया है।
तीनों आई.ए.एस. पंकज अग्रवाल, रामकुमार सिंह और प्रदीप डागर जहां आई.डी. एफ. सी. फर्स्ट बैंक घोटाले में गिरफ्तार हुए हैं तो वहीं नरवाना के पूर्व विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा पंचकूला के एच.एस.वी.पी. घोटाले में लंबे समय से न्यायिक हिरासत में हैं। सुरजाखेड़ा वर्ष 2019 में जजपा से विधायक बने थे, बाद में वह जजपा छोड़कर सरकार के नजदीक आ गए थे। फिलहाल जेल अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से इस व्यवस्था पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
बैंक घोटाले में 3 आई.ए.एस. को सी.बी.आई. ने किया था गिरफ्तार
बैंक घोटाले में सी.बी.आई. ने सबसे पहले आई.ए.एस. रामकुमार सिंह को 17 जून को गिरफ्तार किया था। पुलिस रिमांडसमाप्त होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसके बाद 22 जून को वरिष्ठ आई.ए.एस. पंकज अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया।
पहले 2 दिन की सी. बी. आई. रिमांड पर रखा गया और 26 जून को विशेष अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं 30 जून को सेवानिवृत्ति के दिन ही आई.ए.एस. प्रदीप डागर को सी.बी.आई. ने गिरफ्तार किया और बाद में अदालत ने उन्हें भी न्यायिक हिरासत मैंभेज दिया। तीनों अधिकारी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। अदालत समय-समय पर उनकी न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ाती रही है और इसी क्रम में वे अंबाला सेंट्रल जेल में बंद हैं।