जींद में सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत, मरने वालों में 2 स्टूडेंट परिवार के इकलौते

1/29/2024 2:16:13 PM

जींद : आए दिन सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। जहां जींद जिले में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों युवकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिए।

मृतकों की पहचान ईगराह के रहने वाले प्रिंस और उसके दोस्त विकास के रूप में हुई है। दोनों एक ही बाइक पर थे। ईगराह गांव का ही जगबीर दूसरी बाइक पर था। रविवार रात प्रिंस और विकास बाइक पर सवार होकर गांव ईगराह बस अड्‌डे के पास आ रहे थे। जगबीर बाइक पर शहर से गांव की तरफ आ रहा था। गांव के गोदाम के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। प्रिंस, विकास और जगबीर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तीनों युवकों को संभाला तो प्रिंस और जगबीर की मौके पर मौत हो चुकी थी। विकास की सांसें चल रही थी। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक रेफर कर दिया। PGI ले जाते हुए ही विकास की भी मौत हो गई

ईगराह गांव निवासी प्रिंस 11वीं कक्षा में पढ़ता था। प्रिंस 2 बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। विकास भी प्रिंस के साथ ही स्कूल में पढ़ता था। उसके पिता श्याम सिंह गुरुग्राम में प्राइवेट गनमैन की नौकरी करते हैं। विकास भी परिवार का इकलौता चिराग था। वहीं जगबीर जींद के निर्जन गांव में पेट्रोल पंप पर नौकरी करता था और रविवार देर शाम को वह ड्यूटी से घर की तरफ लौट रहा था, तभी प्रिंस और विकास की बाइक के साथ टक्कर हो गई। 

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana