बेटे के बजाय बेटी पैदा करने वाली 30 महिलाओं को प्रशासन ने किया सम्मानित

11/29/2018 3:41:30 PM

फतेहाबाद(रमेश भट्ट): फतेहाबाद में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ऐसी महिलाओं के सम्मान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिन महिलाओं ने पहली संतान के रूप में बेटी पैदा की और फिर बेटे के रूप में संतान की चाह नहीं रखी। सिर्फ बेटी पैदा करके ऑपरेशन करवाने वाली 30 महिलाओं को गुरूवार को आयोजित कार्यक्रम में डीसी डॉ. जेके आभीर ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।



इस मौके पर बोलते हुए डीसी डॉ. जेके आभीर ने कहा कि बेटी बचाओ अभियान को ऐसी सोच वाली महिलाएं ना केवल मजबूत कर रही हैं बल्कि बेटे और बेटी में फर्क समझने वाले लोगों की इस सोच को पलट कर उनके लिए प्रेरक का काम भी कर रही हैं। 


 

डीसी ने कहा कि बेटे और बेटी में फर्क नहीं समझना चाहिए। बेटी भी उतनी ही जिम्मेदारियां निभा सकती है जितनी जिम्मेदारियां एक बेटा निभाता है। डीसी ने कहा कि लोगों को अपनी सोच बदलनी चाहिए और बेटे और बेटी में फर्क खत्म करना चाहिए।



डीसी ने कार्यक्रम में पहुंची 30 महिलाओं के लिए कहा कि ऐसी महिलाओं को और उनकी सोच को सलाम करते हैं, अन्य लोगों को भी इन महिलाओं से प्रेरणा लेनी चाहिए।
 

Rakhi Yadav