अब 3 अक्टूबर से 32 हजार कर्मचारी करेंगे हड़ताल

9/21/2018 11:22:45 AM

चंडीगढ़(पांडेय): सरकार की वायदाखिलाफी के खिलाफ एक बार फिर शहरी स्थानीय निकाय विभाग के 32 हजार कर्मचारी 3 अक्तूबर से 3 दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के तेवरों के अनुसार 3 दिवसीय प्रदेशव्यापी हड़ताल अनिश्चितकालीन भी हो सकती है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने भी हड़ताल का पुरजोर समर्थन करने की घोषणा की है। 

नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने आरोप लगाया कि 16 दिन की हड़ताल के बाद शहरी स्थानीय निकाय विभाग की मंत्री कविता जैन की अध्यक्षता में गठित 3 मंत्रियों की कमेटी व नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बीच 24 मई को हुए समझौते को लागू न करके सरकार ने कर्मचारियों को पुन: हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर किया है। 

उन्होंने बताया कि 3 दिवसीय हड़ताल से पहले 24 मई के समझौते कों लागू न करने से नाराज शहरी स्थानीय निकायों के कर्मचारी 21 सितम्बर से 25 सितम्बर तक 12-12 घंटे की क्रमिक भूख हड़ताल प्रदेश की सभी पालिका, परिषदों व निगमों के कार्यालय के समक्ष करेंगे।

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा करेगा हड़ताल का समर्थन : लांबा
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा ने 3 दिवसीय हड़ताल का पुरजोर समर्थन करने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि जो आश्वासन स्वास्थ्य मंत्री ने हड़ताली एम.पी.एच.डब्ल्यू. को 23 दिन बाद दिया, क्या यह काम मंत्री को हड़ताल शुरू होने से पहले नहीं देना चाहिए था, ताकि हड़ताल नहीं होती। 

Rakhi Yadav