32 हजार न.पा.कर्मचारियों की हड़ताल आज से

10/3/2018 10:13:53 AM

चंडीगढ़(पांडेय): सरकार पर वायदाखिलाफी का आरोप लगाते हुए शहरी स्थानीय निकाय विभाग के 32 हजार कर्मचारी बुधवार को सुबह 7 बजे से 3 दिवसीय हड़ताल पर चले जाएंगे। 

कर्मचारियों का कहना है कि यदि सरकार ने 24 मई को नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के साथ 3 मंत्रियों की कमेटी द्वारा किए गए समझौते को 5 अक्तूबर तक हू-ब-हू लागू नहीं किया तो हड़ताल अनिश्चितकालीन भी हो सकती है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा ने एस.के.एस. की ओर से हड़ताल का समर्थन करने की घोषणा की है। 

नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने आरोप लगाया कि 16 दिन की हड़ताल के बाद शहरी स्थानीय निकाय विभाग की मंत्री कविता जैन की अध्यक्षता में गठित 3 मंत्रियों की कमेटी व नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बीच हुए समझौते को लागू न करके सरकार ने कर्मचारियों को पुन: हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर किया है। अब फिर प्रदेश की पालिकाओं, परिषदों व निगमों के 32 हजार कर्मचारी 3, 4 व 5 अक्तूबर को हड़ताल करनेे को मजबूर हैं। 
 

Deepak Paul