कोराेना से जंग में बड़ी चुनौती बने विदेश से लौटकर गायब 339 लोग, सुरक्षा एजेंसियाें के पसीने छूटे

4/17/2020 9:59:46 PM

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा में कोरोना के खिलाफ जंग में विदेश यात्रा से लौटने के बाद गायब लोग चुनौती बन गए हैं। हरियाणा में विदेश से लौटे 339 लोग गायब हो गए। कुछ क्वारंटाइन होने के डर से गायब हुए तो कुछ के पासपोर्ट में नाम और पते गलत होने के कारण उनका पता नहीं चल रहा है। इतनी संख्या में लोगों के गायब होने से प्रदेश की खुफिया एजेंसियां परेशान हैं।

सरकार को आशंका है कि यह लोग छिपे रहकर अथवा दूसरे प्रदेशों में भागकर कोरोना संक्रमण फैला सकते हैं। प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को ऐसे गायब हुए विदेश यात्रियों को ढूंढने के निर्देश दिए हैं। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज द्वारा ली गई चार बड़े विभागों की समीक्षा बैठक में भी विदेश यात्रा कर लौटे इन गायब यात्रियों के बारे में चर्चा हुई।

पहले आशंका जताई जा रही थी कि करीब 200 लोग ऐसे हैं,जो गायब हुए हैं,लेकिन हर जिले का आंकड़ा तैयार हुआ तो यह संख्या 339 निकली। मुख्य रूप से सात जिलों से यह लोग गायब हुए हैं। सबसे अधिक 185 लोग पानीपत जिले से लापता हुए हैं। सरकार ने निर्देश दिए हैं कि इन गायब लोगों का पता लगाने में एसपी के साथ डीसी भी सहयोग करेंगे।

हरियाणा पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, 4 अप्रैल तक हरियाणा में कुल 8034 लोग विेदेश से आए हैं। इनमें से 7695 लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया। इनमें से बहुत से ऐसे हैं,जो अपने स्तर पर ही होम क्वारंटाइन हो गए,जबकि 5937 को पुलिस या स्वास्थ्य विभाग के हस्तक्षेप के बाद होम क्वारंटाइन करना पड़ा।

वर्तमान में 339 लोग ऐसे हैं जिनके बारे में पुलिस के पास कोई सुराग नहीं है। हरियाणा पुलिस कई बार इनकी तलाश कर चुकी है। अब प्रदेश सरकार द्वारा यह मामला केंद्र को रैफर किया जा रहा है।

हरियाणा में जब से कोरोना फैला है तब से तब्लीगी जमाती और विदेशी नागरिक प्रदेश सरकार के लिए मुसीबत बने हुए हैं। पंजाब में भी करीब 65 हजार एनआरआई हैं, जिनके हरियाणा में घुसने की आशंका से सरकरा चिंतित है। हालांकि सरकार ने सभी सीमाएं सील कर रखी हैं, लेकिन सरकार की चिंता बढ़ी हुई है।

  -पुलिस को तलाश-

जिला                विदेश से लौटे            लापता हुए
रेवाड़ी-               169                            1
फरीदाबाद-         806                            9
यमुनानगर        1280                          12
पंचकूला            409                            33
पानीपत           2557                           185
भिवानी             471                             84
कुरुक्षेत्र             2333                           15
कुल                 8034                          339

'गायब हुए यात्रियों का लगाया जा रहा पता'
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा में विदेश से काफी लोग यात्रा कर लौटे हैं। इनमें से कुछ यात्री लापता हो गए हैं। उनका पता लगाया जा रहा है। कुछ लोगों ने गलत पते पर पासपोर्ट बनवाए हैं। अगर किसी का पता बदला है तो उसे दस्तावेजों में बदलवाया नहीं गया है।

गलत पते पर पासपोर्ट रखना और यात्रा करना भी गैर वाजिब है। अंतरराज्यीय बार्डर पर स्थाई नाके लगाए गए हैं,ताकि दूसरे प्रदेशों के लोग हमारे प्रदेश में एंट्री न कर सकें। पंजाब में बड़ी संख्या में एनआरआइ लापता हैं, जो हरियाणा में घुसने की कोशिश कर सकते हैं।

Edited By

vinod kumar