खट्टर सरकार बनने पर हरियाणा में 370 लड़कियां गायब हुईं: आर्य

8/9/2017 11:17:55 AM

चंडीगढ़:हरियाणा सर्वजन पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व विधायक रोशन लाल आर्य ने आरोप लगाया है कि हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर सरकार बनने के बाद 370 लड़कियां गायब हुईं जिनका अभी तक सरकार कुछ भी पता नहीं लगा सकी है। उन्होंने कहा कि वास्तव में खट्टर सरकार ही हरियाणा में अपराधियों को संरक्षण दे रही है। आर्य ने कहा कि जब मुरथल में कांड हुआ था तो भी मुख्यमंत्री ने कहा था कि किसी भी लड़की के साथ बलात्कार की घटना नहीं हुई जबकि पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट ने इसका संज्ञान लेते हुए सरकार को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि अब जल्द ही यह मामला सी.बी.आई. के पास जा सकता है जिसके बाद सरकार दोषियों का बचाव नहीं कर पाएगी।

उन्होंने कहा कि अब हरियाणा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे का कांड सामने आ गया है। हरियाणा में महिलाओं के ऊपर अपराध बढ़े हैं। लोगों में इस बात को लेकर चिंता पाई जा रही है कि आखिर महिलाओं का बचाव कौन करेगा क्योंकि जब सरकार ही अपराधियों के साथ मिल जाए तो फिर नागरिकों में असुरक्षा की भावना पैदा होनी अनिवार्य है। भाजपा ने ‘सबका साथ सबका विकास’ का नारा दिया था। 

उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि भाजपा ने सत्ता में आने के बाद अपना चेहरा बदल लिया है। हरियाणा में कानून-व्यवस्था की हालत बदत्तर हो गई है। व्यापारी व उद्योगपति पलायन करके जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बराला के बेटे के कांड की जांच पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश से करवाई जानी चाहिए ताकि दूध का दूध पानी का पानी हो जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री खट्टर पर आरोप लगाया कि वह अनुभवहीन है। अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। भाजपा राज्य में जातिवाद का कार्ड खेल कर सत्ता में आ गई। भाजपा ने चुनाव में जाटों को 26 सीटें दी जिसमें से मात्र 6 जीते थे।