पंचकूला में व्यापारी हत्याकांड....4 आरोपी गिरफ्तार, इस वजह से उतारा था मौत के घाट

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 08:13 AM (IST)

पंचकूला (उमंग) : पंचकूला में व्यापारी की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पंचकूला पुलिस के डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए इसकी पुष्टि की। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों ने व्यापारी को उसकी दुकान के बाहर स्कॉर्पियो गाड़ी से उतारकर बेरहमी से डंडों से पीटा था, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। 

PunjabKesari

काबिलेजिक्र है कि मृतक का संबंध उस चर्चित कबड्डी खिलाड़ी सोनू नोल्टा हत्याकांड से भी जुड़ा बताया जा रहा है। वह कबड्डी खिलाड़ी सोनू नोल्टा मर्डर केस के कथित मास्टरमाइंड गोपाल सुक्खोमाजरा का करीबी दोस्त था। इसी रंजिश और आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के दौरान आरोपियों ने व्यापारी को सार्वजनिक रूप से घेर लिया और लाठियों-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आस-पास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। 
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की साजिश, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों की जांच जारी है। मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static