शादी के नाम पर गोरखधंधा : झूठे मामलों में फंसाने के लिए 2 सगी बहनों सहित 4 पर केस दर्ज

12/6/2019 1:30:05 PM

पानीपत (संजीव) : कहा जाता है कि शादी के बंधन भगवान तय करता है। लेकिन कुछ लोगों ने शादी के पवित्र रिश्ते को भी अवैध वसूली का धंधा बना लिया है। ऐसा ही एक मामला आई.जी. करनाल को भेजी एक शिकायत में सामने आया है। जिस पर मामले की जांच डी.एस.पी. मुख्यालय पानीपत द्वारा गई। मिली जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने 2 सगी बहनों सहित 4 के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। 

जिला करनाल के गांव सालवन निवासी एक महिला राजबाला ने आई.जी. को भेजी शिकायत में बताया कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है तथा उसने मेहनत मजदूरी करके अपने बच्चों का पालन पोषण किया। जब वह अपने बेटे सुशील की शादी के लिए दुल्हन की तलाश कर रही थी तो उसके भतीजे कुलदीप के कहने पर उसने बेटे की शादी पानीपत निवासी प्रवीण की साली सरिता के साथ अक्तूबर, 2018 में तय कर दी।

रिश्ते के बाद आरोपी, उसकी पत्नी ममता, साला सचिन व साली सरिता ने उससे पहले 20 हजार रुपए व फिर 36 हजार रुपए उधार ले लिए। जब उसने बेटे की शादी का जिक्र किया तो आरोपियों ने यह कहते हुए टालमटोल की कि उनके पास शादी करने के पैसे नहीं है। यदि वह शादी के लिए खर्च दे तो वे शादी कर सकते हैं। जिसके लिए उसने साफ तौर पर मना दिया। जिस पर आरोपियों ने उसे शादी के लिए मना कर दिया व सगाई तोड़ दी।

बाद में आरोपियों ने उसके 56 हजार रुपए भी लौटाने से मना कर दिया। बाद में छानबीन में सामने आया कि आरोपी ममता पहले भी 2 अन्य लोगों से ऐसा करते हुए अब तीसरी शादी कर रखी है तथा अपनी बहन की भी बिना तलाक कराए कई-कई शादियां करवा कर लोगों से पैसे ऐठें हैं। आरोपियों ने एक जाटल रोड पर एक कार्यालय खोल रखा है जहां पर रिश्ते करवाने के नाम पर लोगों को फंसा कर बाद में उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठे जाते हैं।

ऐसे ही मामले में उन्हें भी धमकी दी गई कि यदि 4 लाख रुपए नहीं दिए तो वे सुशील को झूठे केस में फंसवा देंगे। जब उसने पैसे देने से इंकार कर दिया कि आरोपियों ने उसके बेटे पर गत 11 सितम्बर को एक झूठा केस दर्ज करवा उसे जेल भिजवा दिया। इससे पहले आरोपी महिला ममता ने अपने पहले पति प्रवीण व प्रवीण के भांजे सोनू को इसी प्रकार जेल भिजवाया था। अब ममता किसी अनिल नामक व्यक्ति के साथ शादी करके रह रही है। इस संबंध में उसने कई बार पुलिस को शिकायत दी लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई है। आई.जी. के निर्देश पर थाना शहर पुलिस ने चारों आरोपियों पर भादंसं. की धारा 389 व 120 बी के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। 
 

Isha