लूट गिरोह के 4 बदमाश गिरफ्तार, 2 दर्जन वारदातों का हुआ खुलासा

11/7/2019 1:55:57 PM

रेवाड़ी (पंकेस) : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एन.सी.आर.) में लोगों को लिफ्ट देकर हथियार के बल पर नकदी, ए.टी.एम. कार्ड व मोबाइल फोन लूटने के साथ-साथ पीड़ितों के अकाऊंट से ऑनलाइन लोन अप्लाई कर खुद के अकाऊंट में नकदी ट्रांसफर करने वाले एक बहुत बड़े गिरोह के 4 बदमाशों को धारूहेड़ा सी.आई.ए. की टीम ने गिरफ्तार किया है। इनमें 2 सिविल इंजीनियर हैं।बुधवार को गिरोह का खुलासा करते हुए अपने कार्यालय में बुलाए पत्रकार सम्मेलन में डी.एस.पी. हंसराज ने बताया कि चारों बदमाशों की पहचान भिवाड़ी के यू.आई.टी. निवासी विवेक भारती, भरतपुर के डिग निवासी महेश जोशी, पलवल के बुड़ौली निवासी सौरभ व दुष्यंत के रूप में हुई है।

इन्होंने एन.सी.आर. क्षेत्र के रेवाड़ी, गुरुग्राम, नोएडा के आसपास की करीब 2 दर्जन वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। डी.एस.पी. ने कहा कि उक्त चारों बदमाश होंडा एमेज गाड़ी में सवार होकर धारूहेड़ा में किसी को लूटने की फिराक में थे। इसकी सूचना पाकर धारूहेड़ा सी.आई.ए. इंचार्ज कबूल सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और चारों को काबू कर लिया। उन्हें सी.आई.ए. थाना लाया गया, जहां एक के बाद एक 2 दर्जन वारदातों का उन्होंने खुलासा किया। पकड़े गए 4 बदमाशों में 2 विवेक भारती व सौरभ डिप्लोमाधारी सिविल इंजीनियर हैं। विवेक भारती ने इलैक्ट्रिोनिक एवं कम्युनिकेशन में सौरभ ने मैकेनिकल डिप्लोमा किया हुआ है।

गिरोह में ये दोनों ही सबसे शातिर हैं। इसी साल 27 जुलाई को इन्होंने रेवाड़ी शहर के मधु विहार निवासी लक्ष्मी नारायण को गाड़ी में लिफ्ट देकर उससे ए.टी.एम. कार्ड व मोबाइल फोन छीन लिया था और उसके खातों से नकदी साफ कर दी थी। इस दौरान बदमाशों ने मोबाइल पर लोन का एक मैसेज देखकर उसके एच.डी.एफ.सी. बैंक के अकाऊंट से तत्काल 4 लाख रुपए का लोन अप्लाई कर दिया था। यह लोन सैलरी अकाऊंट पर आसानी से तत्काल मिल जाता है। लोन की नकदी अकाऊंट में डलते ही बदमाशों ने उसके खाते से उसे भी अपने खाते में ट्रांसफर किया। बाद में लक्ष्मी नारायण को बदमाशों ने गुरुग्राम में फैंक दिया था।

डी.एस.पी. ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गुरुग्राम व रेवाड़ी के अलावा नोएडा सहित काफी स्थानों पर जुलाई से अक्तूबर माह के बीच कई वारदातों को अंजाम दिया। उन्होंने अभी तक लूट की 7 वारदातें रेवाड़ी में, 5 नोएडा व 5 गुरुग्राम में करनी कबूल की हैं। उन्होंने कहा कि पूछताछ में बदमाशों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। वे रात के समय किसी भी व्यक्ति को हाईवे पर वाहन के इंतजार में खड़ा देख उसे लिफ्ट देकर अपनी गाड़ी में बिठा लेते थे।

कुछ दूर ले जाते ही वे उस पर पिस्तौल तानकर ए.टी.एम. कार्ड, मोबाइल फोन व नकदी ले लेते थे और उसके अकाऊंट से नकदी साफ कर देते थे। वे पासवर्ड पूछकर कार्ड से ही पैट्रोल डलवाते और शॉपिंग करते थे। जब खाते से रुपए खत्म हो जाते थे तो वे पीड़ित को सुनसान जगह फैंककर फरार हो जाते थे। उन्होंने कहा कि अभी तक उन्होंने एन.सी.आर. में 17 वारदातों को कबूला है। उन्होंने कहा कि अकेले रेवाड़ी में 7 वारदातों में 10.50 लाख रुपए की रकम लूटी गई है। रिमांड पर अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। 

Isha