ज्वैलर को चाकू की नोक पर लूटने वाले 4 बदमाश गिरफ्तार

12/9/2019 4:37:06 PM

रेवाड़ी(पंकेस): शहर के मोहल्ला रामसरोवर में एक ज्वैलर को चाकू मारकर की गई लूट की वारदात को सी.आई.ए. रेवाड़ी की टीम ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझाते हुए चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। हैरत की बात है कि सभी आरोपी नाबालिग हैं। इनमें 2 रेवाड़ी व 2 गुरुग्राम के रहने वाले हैं। उनसे लूटे हुए जेवर व वारदात में प्रयोग किए गए चाकू भी बरामद कर लिए गए हैं। उनके कब्जे से एक ऐसी नकली पिस्तौल भी बरामद हुई है। सी.सी.टी.वी. फुटेज ने इन चारों को जेल पहुंचाने में मदद की। उन्हें रविवार को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।

डी.एस.पी. जमाल खान व सी.आई.ए. इंचार्ज विद्या सागर ने कहा कि शनिवार की शाम 6:30 बजे मोहल्ला रामसरोवर स्थित जिंदल ज्वैलर्स शोरूम पर 4 बदमाशों ने सोने व चांदी के आभूषण लूट लिए थे।   उन्होंने बताया कि सी.सी.टी.वी. फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत कर महज 12 घंटे में ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग होने के कारण उनके नामों का खुलासा नहीं किया जा रहा है।



सी.आई.ए. इंचार्ज विद्या सागर ने कहा कि चारों आरोपियों के पास से लूटा हुआ 10 तोला सोना, एक नकली लाइटर पिस्टल, 2 बटनदार व एक लंबा चाकू बरामद किया गया है। बदमाशों ने मॉडल टॉऊन थाना क्षेत्र से एक बाइक चोरी करने की वारदात का खुलासा भी किया है। 

कै. अजय घायल ज्वैलर से मिले, हालचाल पूछा
रेवाड़ी (वधवा): पूर्व मंत्री कै. अजय सिंह यादव ने लूट के शिकार हुए घायल ज्वैलर शैलेंद्र जिंदल से मुलाकात की और उनका हालचाल पूछा। तत्पश्चात वह उनके  शोरूम पर भी पहुंचे। इस मौके पर कै. अजय सिंह ने कहा कि रेवाड़ी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और रोजाना वारदातें हो रही हैं। इन वारदातों से व्यापारियों व शहर के लोगों में दहशत है। उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्होंने एस.पी. नाजनीन भसीन से भी बात की और उनसे आग्रह किया कि वह बाजारों में पुलिस की गश्त को बढ़ाएं और व्यापारियों को सुरक्षा प्रदान की जाए।

Edited By

vinod kumar