अस्पताल के डस्टबिन में मिला 4 माह का भ्रूण, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला किया दर्ज

3/19/2024 3:20:52 PM

पानीपत (सचिन शर्मा): पानीपत में एक बार फिर ममता को शर्मसार कर देने का मामला सामने आया है। मामला पानीपत में सिविल अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड का है, जहां पर डस्टबिन में मंगलवार सुबह एक भ्रूण पड़ा मिला। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। मरीज के साथ आए परिजनों ने इसकी सूचना तुरंत अस्पताल के अधिकारियों और डॉक्टरों को दी। सूचना मिलते ही अस्पताल के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल करने के बाद भ्रूण को वहां से उठाया गया। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे  हॉस्पिटल प्रशासन को सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो वहां कुछ लोग मिले। जिन्होंने बताया कि उनका एक मरीज भर्ती है। सुबह वे डस्टबीन के पास लगे वाटर कूलर से पानी पीने आए थे। उस समय देखा कि डस्टबिन में एक बच्चे जैसा भ्रूण पड़ा हुआ है। डॉक्टरों के अनुसार भ्रूण करीब 4 माह का था। उसके हाथ-पैर भी बने हुए थे। अस्पताल कर्मियों ने भ्रूण को डस्टबीन से बाहर निकाला। इसके बाद उसे एक पट्टी में लपेट कर शवगृह में रखवाया।

वहीं मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सिटी थाना पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी खंगाल रही है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।


(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Nitish Jamwal