4 लोगों ने विवाहिता के साथ गैंगरेप करके फांसी पर लटकाया, हालत गंभीर(Video)

8/6/2018 10:56:42 AM

कैथल(जोगिंद्र कुंडू):  कैथल के कलायत कसबे के एक गांव में गैंगरेप का मामला सामने आया है। यहां 4 लोगों ने एक विवाहित महिला के साथ गैंगरेप कर उसे फांसी पर लटका दिया। पीड़िता ने कैमरे के सामने ना आने की शर्त पर मीडिया को बताया कि शुक्रवार रात को अपने दो छोटे-छोटे बच्चों के साथ घर पर अकेली थी। उसका पति किसी काम के लिए चंडीगढ़ गया हुआ था। देर रात को गांव बालू निवासी कुलदीप व संदीप सहित दो अन्य युवक घर में घुस आए। आरोपियों ने उसके साथ जबरदस्ती करते हुए उसे पकड़ लिया। तीन आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

आरोपियों ने इसके बाद फांसी का फंदा बनाकर उसे पंखे पर लटका दिया और खुद फरार हो गए। इसी दौरान रस्सी टूटने के कारण वह नीचे गिर गई। इसके बाद परिजनों को फोन कर इस बारे में बताया। जानकारी मिलने के बाद परिजन वहां पहुंचे। इसके बाद मामले की शिकायत कलायत थाना पुलिस को दी गई।कलायत व महिला थाना पुलिस की टीम ने पीड़िता को सिविल अस्पताल में भर्ती  करवाया। जहां खून से सने कपड़ों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उधर, घटना की सूचना मिलने पर एसपी आस्था मोदी भी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद वह सिविल अस्पताल गई और पीड़िता से बात की। पीड़िता अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दाखिल है। उसके गले में सूजन आने के कारण बोल नहीं पा रही है। 

इस मामले को लेकर महिला आयोग की सदस्य सुमन बेदी ने कैथल अस्पताल जाकर पीडिता से मुलाक़ात की और उसे पूरी कारवाई का आश्वासन दिया। मीडिया से बातचीत करते हुए बेदी ने कहा कि वह पीडिता से मिली है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा और सरकार की तरफ से हर संभव सहायता पीडिता को दी जाएगी। कैथल डी.एस.पी जोगिन्दर सिंह ने कहा कि सभी आरोपी जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होंगे।
 

Rakhi Yadav