ठंड से बचने के लिए अलाव जलाते समय 4 मजदूर झुलसे

12/22/2019 12:03:49 PM

फरीदाबाद(ब्यूरो): सेक्टर-15 स्थित एक कंस्ट्रक्शन साइट पर शनिवार दोपहर काम करने के दौरान ठंड से बचने के लिए अलाव जलाने का प्रयास करते 4 मजूदर तेज आग की चपेट में आकर झुलस गये। जिन्हें बीके सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार मजदूर अलाव जलाकर आग तेज करने का प्रयास कर रहे थे। जिसके लिए उन्होंने घर को पेंट करने में प्रयोग किए जाने वाले थिनर को आग में डाल दिया। जिससे अचानक उठे आग के लपटों और भबके से आसपास बैठे 4 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने उन्हें झुलसी हालत में बीके अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से एक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में रेफर किया गया। जबकि 3 का बीके में ही उपचार किया जा रहा है।


इनकी हालत स्थिर बनी हुई है। इनकी पहचान समरेश, भैरव, विकेश के रूप में हुई है। सभी मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं। इन मरीजों के एक साथी ने बताया कि शनिवार को सभी एक घर में पेंट का काम कर रहे थे। शनिवार को ठंड अधिक थी। इसलिए दोपहर के भोजन के बाद सभी ठंड से बचने के लिए हाथ सेकने के लिए अलाव लगाए। इस दौरान अलाव की आंच को तेज करने के लिए एक थिनर डाला, लपटे तेज हो गई और चार मजदूर इसकी चपेट में आकर झुलस गए। 

Isha